बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय गोपालपुर स्थित सरकाघाट द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सोमवार को संयुक्त कार्यालय सरकाघाट में तहसीलदार अजय कुमार की अध्यक्षता में टास्क फोर्स समिति की खण्ड स्तरीय बैठक आयोजित हुई।
बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता शर्मा ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बेटी और बेटे के भेदभाव को मिटाना, लिंग के आधार पर चयनात्मक उन्मूलन को रोकना, बेटियों का संरक्षण सुनिश्चित करना तथा उनकी शिक्षा को संभव बनाना रहा।
तहसीलदार अजय कुमार ने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना को सफल बनाने में प्रत्येक विभाग हर संभव योगदान करे तथा यह सुनिश्चित करें कि समाज में बेटा-बेटी में कोई भेदभाव न रखे।
उन्होंने ब्लाॅक में लिंगानुपात को समान करने तथा गर्भधारण से जन्म तक सुरक्षित रखने और समाज में बेटियों के सही पालन पोषण एवं समानता का अधिकार दिलाने में तत्पर रहने को कहा।
उन्होंने बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, पंचायती राज और अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
अजय कुमार ने बताया कि किशोरियों के मार्गदर्शन, करियर काउंसिलिग, मेडिकल चेकअप, व्यक्तिगत स्वच्छता और उन्हें आत्मरक्षा के लिए तैयार करने के लिए भी ब्लाक, पंचायत और स्कूल स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने महिला एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इन गतिविधियों का सार्थक बनाने के लिए विशेषज्ञों की सेवाएं लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपमण्डल में सभी स्कूलों में प्रतिभाशाली एवं विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली लड़कियों का चयन किया जाएगा तथा पुलिस थानों, बैंक और अन्य संस्थानों की नियमित रूप से एक्सपोजर विजिट भी करवाई जाएगी। ऐसी एक्सपोजर विजिट्स से उन्हें कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी तथा उनका मनोबल एवं आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
इस मौके पर बाल विकास अधिकारी ने बताया कि 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस पर ग्राम पंचायत नवाणी वृत त्रिफालघाट में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंन्तर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर नीलम कुमारी खण्ड प्रारंम्भिक शिक्षा अधिकारी, कमल धीमान बी आर सी, शक्ति चंद स्वास्थ शिक्षक, एएसआई कुलदीप, प्रेमलता शर्मा लिपिक नगर परिषद, महिला एवं बाल विभाग के पर्यवेक्षक तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
0 Comments